Breaking News

इंडियन शिप 'दिशा' ने होर्मुज पार किया, 18 जून को भारत पहुंचेगा: शिपिंग मंत्रालय     |   कर्नाटक CM ने बिदादी टाउनशिप प्रोजेक्ट का बचाव किया, बोले- विपक्ष कर रहा राजनीति     |   ‘वैश्विक संस्थाओं को 21वीं सदी के अनुसार बदलना है’, स्लोवाकिया में PM मोदी ने कहा     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया     |   ‘हमने अपनी ताकतों को जोड़ा है’, स्लोवाकिया में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |  

शिमला में बारिश से मौसम हुआ सुहावना, पर्यटकों को गर्मी से मिली राहत

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में गुरुवार को हुई बारिश और तापमान में गिरावट से मौसम बेहद सुहावना हो गया। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों से आए पर्यटकों ने भी मौसम का भरपूर आनंद लिया। बारिश के कारण कुछ समय के लिए यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ, लेकिन ठंडी हवाओं, धुंध से ढकी पहाड़ियों और हरियाली से भरपूर नजारों ने शिमला की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। बड़ी संख्या में पर्यटक मॉल रोड और रिज क्षेत्र में घूमते नजर आए और मौसम का आनंद लेते हुए तस्वीरें और वीडियो भी बनाते रहे।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। पंजाब के फिरोजपुर से आए पर्यटक संदीप ने बताया कि वे छात्रों के एक समूह के साथ शिमला आए हैं और यहां का मौसम उनकी उम्मीदों से भी बेहतर निकला। उन्होंने कहा कि पंजाब में भीषण गर्मी पड़ रही है, जबकि शिमला में ठंडक और बारिश का आनंद मिल रहा है। बच्चों को यह मौसम बहुत पसंद आ रहा है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश का तापमान सामान्य रहा। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हमीरपुर जिले के नेरी में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रह सकती है। ऐसे में पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि उत्तर भारत की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए और अधिक पर्यटक शिमला का रुख करेंगे।