केरल में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को बताया कि राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं और 4 लोग लापता हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित लोगों के लिए राज्यभर में 462 राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां 27,048 लोग शरण लिए हुए हैं। इनमें सबसे अधिक पथानामथिट्टा में 157, कोट्टायम में 154 और अलाप्पुझा में 81 राहत शिविर बनाए गए हैं।
भारी बारिश और जलभराव के कारण कृषि क्षेत्र को भी बड़ा नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 1,882 हेक्टेयर कृषि भूमि पर फसलें प्रभावित हुई हैं, जिससे 23,537 किसान प्रभावित हुए हैं। शुरुआती आकलन के मुताबिक फसलों को 67.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मंगलवार को पथानामथिट्टा जिले के दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए प्रत्येक परिवार को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा, बाढ़ में पूरी तरह नष्ट हुए मकानों के लिए 6 लाख रुपये का मुआवजा देने को भी राज्य सरकार ने मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की कई नदियों की जल वहन क्षमता गाद (सिल्ट) जमा होने के कारण काफी कम हो गई है। सरकार जल्द ही नदियों से गाद हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि केरल में देश की सबसे बेहतर मौसम पूर्वानुमान प्रणाली विकसित करने और विशेष रूप से पथानामथिट्टा में आपदा प्रबंधन तंत्र को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।