Breaking News

शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले संभला रुपया; 6 पैसे की मजबूती के साथ 96.10 पर पहुंचा     |   UP विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटी BJP     |   फीफा वर्ल्ड कप के दीवानों के लिए असम सरकार का बड़ा तोहफा, रात 3:30 बजे तक खुलेंगे रेस्टोरेंट     |   अमेरिका ने ईरान की नौसेना और मिसाइल साइटों को बनाया निशाना, 7 घंटे तक चला भीषण हवाई हमला     |   सुप्रीम कोर्ट में हंगामा करने वाले लखनऊ यूनिवर्सिटी के 2 लॉ छात्र गिरफ्तार, FIR दर्ज     |  

Punjab: मोहाली के स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पंजाब के मोहाली में उस समय दहशत फैल गई, जब शहर के 10 प्रतिष्ठित निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। इस सूचना के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में स्कूलों को खाली करवाकर छुट्टी घोषित कर दी गई। मोहाली के करीब 10 नामचीन निजी स्कूलों के आधिकारिक ई-मेल पर एक संदेश आया, जिसमें स्कूल परिसर में बम होने और उसे उड़ाने की बात कही गई थी। जैसे ही स्कूल प्रबंधन की नजर इस ई-मेल पर पड़ी, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। प्रशासन ने बिना देरी किए अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने या वापस ले जाने की अपील की।

धमकी भरे संदेश मिलने से शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में हड़कंप मच गया है। धमकी पाने वाले स्कूलों में पैरागॉन स्कूल, लर्निंग पाथ स्कूल, माइंड ट्री स्कूल, जीडी गोयनका स्कूल, विवेक स्कूल और इंडस इंटरनेशनल स्कूल सहित कई अन्य शामिल हैं। इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गई है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

सूचना मिलते ही मोहाली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गईं। डीएसपी सिटी वन पृथ्वी चहल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने पैरागॉन स्कूल समेत सभी प्रभावित संस्थानों की घेराबंदी कर दी। बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वायड की मदद से हर क्लास, डेस्क, दफ्तर और खेल के मैदान की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। एहतियात के तौर पर सरकारी स्कूलों को भी अपनी ई-मेल आईडी लगातार चेक करने के निर्देश दिए गए हैं।

अचानक स्कूल बंद होने और बम की खबर से अभिभावकों में भारी चिंता देखी गई। स्कूलों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला उपायुक्त (DC) को भी रिपोर्ट भेजी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से उस ई-मेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रैक किया जा रहा है जिससे यह धमकी भेजी गई थी। हालांकि, अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं।