राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिहार और मध्य प्रदेश से आए 18 कारीगरों की मेजबानी की। राष्ट्रपति भवन के 'आर्टिस्ट्स इन रेसिडेंस' कार्यक्रम के तहत मुलाकात हुई। इस दौरान बिहार के 12 कलाकारों ने मशहूर मधुबनी पेंटिंग और भोपाल से आए छह कलाकारों ने आदिवासी गोंड कला पेश की।
10 कलाकारों ने मिलकर मधुबनी या मिथिला कला का प्रदर्शन किया। उन्होंने महज सात दिन में 110 फुट लंबी तस्वीर बनाई। इसके अलावा मधुबनी कलाकारों ने 'कोहबर घर' की खास पारंपरिक तस्वीरें भी बनाईं। ये मिथिला में शादियों के लिए खास तौर से बना कमरा होता है।
मध्य प्रदेश से आए गोंड आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक खेती पर आधारित तस्वीरें बनाईं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन तस्वीरों की भूरि-भूरि तारीफ की। सोमवार को उन्होंने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में कलाकारों को सम्मानित किया।