संजय दत्त की आगामी फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का ट्रेलर शुक्रवार को मुंबई में लॉन्च किया गया। फिल्म भारत की कुछ चर्चित ऐतिहासिक घटनाओं को नए अंदाज में पेश करती नजर आ रही है और ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान अभिनेता संजय दत्त ने कहा कि फिल्म में उठाए गए सवाल और इसके विषय देश के युवाओं और हर नागरिक तक पहुंचने चाहिए। फिल्म चुनने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा, “जब यह स्क्रिप्ट मेरे पास आई और मैंने इसे सुना, तो मुझे लगा कि ये सारे सवाल हमारे युवाओं तक और देश के हर नागरिक तक पहुंचने चाहिए। हमने अपनी तरफ से इसे बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने और प्रभावशाली बनाने की पूरी कोशिश की है, जैसा आपने ट्रेलर में देखा।”
फिल्म में दमदार संवादों और नाटकीय दृश्यों के जरिए कई ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़े सवाल उठाए गए हैं और निर्माताओं के अनुसार इसमें “अनकही सच्चाइयों” को सामने लाने का प्रयास किया गया है। फिल्म में संजय दत्त मुख्य भूमिका में नजर आएंगे और ट्रेलर में उनका दमदार अवतार देखने को मिला है। अभिनेत्री समीरा रेड्डी भी इस फिल्म के जरिए वापसी कर रही हैं और अहम भूमिका में दिखाई देंगी। इसके अलावा अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी भी फिल्म का हिस्सा हैं।
फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। इसकी कहानी, स्क्रीनप्ले और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं।फिल्म की खास बात यह भी है कि इसे ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय सांकेतिक भाषा (ISL) सपोर्ट के साथ रिलीज किया जाएगा, ताकि सुनने में असमर्थ दर्शक भी फिल्म का आनंद ले सकें। दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए भी विशेष सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। ‘आखिरी सवाल’ को निखिल नंदा प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण निखिल नंदा और संजय दत्त ने किया है। पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्ज्वल आनंद इसके सह-निर्माता हैं। यह फिल्म 15 मई को हिंदी, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।