Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

भारतीय सीमा में अवैध रूप से घुसी पाकिस्तानी नाव जब्त, नौ लोग गिरफ्तार

भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के निकट भारतीय जल क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में एक पाकिस्तानी नौका को जब्त किया है, जिस पर चालक दल के नौ सदस्य सवार थे। गुजरात रक्षा विभाग के पीआरओ विंग कमांडर अभिषेक कुमार तिवारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘14 जनवरी, 2026 को अरब सागर में गश्त के दौरान एक त्वरित और सटीक अभियान में, भारतीय तटरक्षक बल के एक जहाज ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के निकट भारतीय जलक्षेत्र में मछली पकड़ने वाली एक पाकिस्तानी नाव को देखा।’’

उन्होंने बताया कि चुनौती दिए जाने पर नाव पाकिस्तानी सीमा की ओर भाग रही थी। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, आईसीजी के जहाज ने भारतीय जलक्षेत्र में नाव को रोका और उस पर चढ़कर तलाशी ली। पाकिस्तानी नाव अल-मदीना पर चालक दल के कुल नौ सदस्य पाए गए।’’ पोस्ट में कहा गया है कि आईसीजी के एक जहाज से जोड़कर नाव को पोरबंदर ले जाया जा रहा है, ताकि संबंधित एजेंसियों द्वारा चालक दल से गहन तलाशी और संयुक्त पूछताछ की जा सके। इसमें कहा गया है, ‘‘ये अभियान भारत की समुद्री सीमाओं को निरंतर सतर्कता और देश के समुद्री क्षेत्र में कानून प्रवर्तन के माध्यम से सुरक्षित करने के लिए आईसीजी की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।’’