Breaking News

कोलकाता: टीएमसी छात्र यूनियन के दफ्तर में मिले जले हुए नोट, करोड़ों रुपये की नकदी नष्ट     |   बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट की बैठक कल, कई महत्वपूर्ण फैसलों पर लग सकती है मोहर     |   सरकार का बड़ा एक्शन, सीबीएसई चेयरमैन और सेक्रेटरी को हटाया गया     |   चेन्नई पोर्ट पर सल्फर गैस लीक, लोगों ने की आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कतों की शिकायतें     |   गद्दारी करने वालों को सन्मति दे भगवान: ममता बनर्जी     |  

PM मोदी कल करेंगे देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, मां दात काली मंदिर में करेंगे पूजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे, जहां वे बहुप्रतीक्षित देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी राज्य के प्रवेश द्वार पर स्थित प्रसिद्ध मां दात काली मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगे। खास बात यह है कि इस अवसर पर स्कूली बच्चे मंत्रोच्चार करेंगे, जिसकी तैयारी अभी से की जा रही है।

मंदिर परिसर, एक्सप्रेसवे के शुरुआती बिंदु और पूरे ग्रीन कॉरिडोर को सजाया गया है। जगह-जगह म्यूरल्स लगाए गए हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यह 210 किलोमीटर लंबा, छह लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसके शुरू होने के बाद देहरादून से दिल्ली का सफर, जो पहले करीब 5 घंटे का होता था, अब घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा।

पीएम मोदी के दौरे से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जसवंत ग्राउंड से मां दात काली मंदिर तक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पर पूरी हों और किसी भी तरह की कमी न रहे, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को कोई असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और इमरजेंसी सेवाओं को तत्पर रखने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा, जसवंत ग्राउंड में मंच, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप तैयार करने और साफ-सफाई व सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।