Breaking News

बिहार के CM सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात     |   यूपी: कौशांबी में दर्दनाक हादसा, मिट्टी का टीला ढहने से 3 की मौत     |   ओडिशा: दहीबड़ा खाने से 58 लोगों की तबीयत खराब, अस्पताल में भर्ती     |   मोहाली में तेज तूफान का कहर: बरगद का पेड़ गिरने से मंदिर की दीवार टूटी, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त     |   कर्नाटक: कांग्रेस MLA विनय कुलकर्णी 6 साल के लिए अयोग्य घोषित     |  

PM मोदी की बिहार को बड़ी सौगात! पटना एयरपोर्ट के 1200 करोड़ के नए टर्मिनल का किया उद्घाटन

Bihar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और शहर के बाहरी इलाके में स्थित बिहटा हवाई अड्डे पर एक नए असैन्य परिसर की आधारशिला रखी। अधिकारियों ने बताया कि पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नया यात्री टर्मिनल भवन 1,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है, जबकि बिहटा हवाई अड्डे पर असैन्य परिसर (सिविल एन्क्लेव) का विकास 1,410 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। 

प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल से दो दिवसीय दौरे पर बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। उन्होंने पटना हवाई अड्डे पर आयोजित एक समारोह में इन परियोजनाओं का अनावरण किया। बिहार में इस साल चुनाव होने हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। 

यहां जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का क्षेत्रफल 65,150 वर्ग मीटर है और ये व्यस्त समय में 3,000 यात्रियों और सालाना एक करोड़ यात्रियों को संभालने के लिए विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस है। इसमें कहा गया है कि भवन का डिजाइन क्षेत्र के परिदृश्य और मिथिला कला से प्रेरित है। 

पटना हवाई अड्डे पर नया टर्मिनल भवन और बिहटा में प्रस्तावित असैन्य परिसर बढ़ते घरेलू यात्रियों की जरूरतें पूरी करेंगे और राज्य से संपर्क को मजबूत करेंगे। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। इसमें कहा गया कि बिहटा में प्रस्तावित टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 68,000 वर्ग मीटर होगा। 

ये व्यस्त समय में 3,000 यात्रियों और सालाना 50 लाख यात्रियों को सेवा प्रदान करने में सक्षम होगा। इसके अलावा असैन्य परिसर में बहु मंजिला कार पार्किंग और सर्विस ब्लॉक जैसी सहायक इमारतें बनाई जाएंगी। ये कई कालखंडों के ऐतिहासिक प्रभावों का एक समृद्ध समिश्रण प्रस्तुत करेगा। 

विज्ञप्ति के मुताबिक बिहटा में बनने वाले टर्मिनल भवन में ‘इन्सुलेटेड’ छत प्रणाली, एलईडी प्रकाश व्यवस्था और ‘ग्लेजिंग’ होगी जो आरामदायक तापमान बनाए रखने में सक्षम और ऊष्मा अंतरण को न्यूनतम करेगी। इसमें कहा गया है कि ये परियोजनाएं व्यापार, वाणिज्य और पर्यटन के केंद्र के रूप में क्षेत्र की छवि में बदलाव करेंगी।