Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

26/11 हमले के बाद सैन्य जवाबी कार्रवाई से किसने रोका, मुंबई में पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरा

Mumbai: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस को देश को बताना चाहिए कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत की सैन्य कार्रवाई को किसने रोका था। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "एक कांग्रेस नेता, जो केंद्रीय गृह मंत्री भी रह चुके हैं, उन्होंने कहा है कि 2008 में हुए 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद एक देश ने भारत की सैन्य जवाबी कार्रवाई को रोका था। पार्टी को स्पष्टीकरण देना चाहिए।"

वो मुंबई के पास नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा, "कांग्रेस की इस कमजोरी ने आतंकवादियों को मज़बूत किया।" उन्होंने कहा कि देश को ये जानने का अधिकार है कि मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत को सैन्य जवाबी कार्रवाई करने से किसने रोका था।

पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र करते हुए मोदी ने कहा, "हमारे लिए देश और उसके नागरिकों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है।" मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य इस दशक के अंत तक भारत को वैश्विक विमानन क्षेत्र का रखरखाव, मरम्मत और ओवरहाल (एमआरओ) केंद्र बनाना है।

उन्होंने कहा कि उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना की बदौलत पिछले एक दशक में लाखों लोगों ने पहली बार हवाई जहाज़ की उड़ान भरी है और अपने सपने पूरे किए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में भारत में केवल 74 हवाई अड्डे थे, लेकिन अब 160 से ज़्यादा हैं। मोदी ने कहा कि विकसित भारत का विज़न 'गति और प्रगति' पर आधारित है।