Kerala: मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में कई महिला कलाकारों के यौन उत्पीड़न के चौंकाने वाले आंकड़ों पर आक्रोश बढ़ने पर शुक्रवार को केरल में प्रदर्शन शुरू हो गए। विपक्ष के नेता वी. डी. सतीसन ने सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाली सरकार पर बलात्कार के आरोपित एक्टर-राजनेता मुकेश समेत दोषियों को बचाने की बात कही।
हेमा समिति की रिपोर्ट सोमवार (19 अगस्त 2024) को सामने आई। रिपोर्ट में मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं पर हो रहे यौन उत्पीड़न के बारे में बताया गया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि एक आपराधिक गिरोह इंडस्ट्री को कंट्रोल कर रहा है जहां बाहरी महिलाओं पर दबाव बनाया जाता है। पैनल की रिपोर्ट में कुछ प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, एक्टर के नाम भी शामिल हैं हो इस गिरोह का हिस्सा थे।
केरल सरकार ने मलयालम सिनेमा में यौन उत्पीड़न और लैंगिक असमानता के मुद्दों की जांच के लिए एक्टर दिलीप से जुड़े 2017 के उत्पीड़न मामले के बाद पैनल का गठन किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, जो महिला कलाकार समझौता करने को तैयार होती हैं, उन्हें कोड नेम दिए जाते हैं और जो झुकने को तैयार नहीं होतीं, उन्हें इंडस्ट्री से बाहर कर दिया जाता है।