मां, ये शब्द सुनते ही दिल को सुकून मिल जाता है। मां सिर्फ एक रिश्ता नहीं, बल्कि एक भाव है, एक एहसास है, जो हर पल हमारे साथ होता है। जब हम दुनिया को नहीं जानते थे, तब मां ने हमें चलना सिखाया, बोलना सिखाया और जीना सिखाया। मां की ममता, उसका त्याग और उसका प्यार कभी भी कम नहीं होता। वो हमेशा हमारे लिए सब कुछ छोड़ सकती है, लेकिन हमसे उसका प्यार कभी नहीं छूटता।
जब हम बीमार पड़ते हैं, तो मां की गोद सबसे बड़ी दवा बन जाती है। जब हम दुखी होते हैं, तो मां की मुस्कान ही सबसे बड़ा सहारा होती है। चाहे कोई भी परिस्थिति हो, मां हमेशा हमारे साथ खड़ी रहती है बिना किसी स्वार्थ के, बिना किसी उम्मीद के। हर साल मई का दूसरा रविवार "मदर्स डे" के रूप में मनाया जाता है। यह दिन दुनिया की उस सबसे खास शख्सियत को समर्पित होता है जिसे हम 'मां' कहते हैं। मां एक ऐसा शब्द है, जिसमें पूरी दुनिया की ममता, त्याग, धैर्य और निस्वार्थ प्रेम समाया हुआ है। मां हमारे जीवन की पहली गुरु होती है। जब हम बोलना नहीं जानते, तब मां हमारी हर बात समझ जाती है। जब हम चलना सीखते हैं, तब मां हमें गिरने नहीं देती। जब हम थकते हैं, मां हमें अपनी गोद में सुला देती है। मां की ममता का कोई मोल नहीं होता।
आज की व्यस्त जिंदगी में हम अक्सर अपने काम में इतने उलझ जाते हैं कि मां के प्यार को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन सच तो यह है कि मां हर दिन, हर पल हमारे बारे में सोचती रहती है। वह खुद भूखी रह सकती है, लेकिन अपने बच्चों को भूखा नहीं देख सकती। वह अपने सपनों को त्याग सकती है, लेकिन बच्चों के लिए हर खुशी जुटा लेती है।
मदर्स डे एक मौका है, जब हम मां को सिर्फ 'थैंक यू' कहने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें यह महसूस कराने के लिए भी हैं कि उनका प्यार, उनका त्याग और उनका आशीर्वाद हमारे लिए कितना अनमोल है। यह दिन सिर्फ फूल देने या केक काटने के लिए नहीं है, बल्कि मां के साथ समय बिताने का है, उनके साथ बैठकर बात करने का है। मां के बिना दुनिया अधूरी है। जब भी जीवन में कोई मुश्किल आती है, सबसे पहले मां ही याद आती है। उसकी आवाज में ऐसा जादू है कि हर दर्द मिट जाता है। मां के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
मदर्स डे सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि मां के प्रति हमारे प्यार, सम्मान और आभार को जताने का एक खास मौका है। इस दिन हम मां को धन्यवाद दे सकते हैं उस हर चीज के लिए जो उसने हमारे लिए की वो नींदें जो उसने हमारी खातिर त्याग दीं, वो सपने जो उसने हमारे लिए छोड़ दिए और वो खुशियां जो उसने हमारे चेहरों पर लाई ।
चलिए, इस मदर्स डे पर मां को सिर्फ एक "थैंक यू" न कहें, बल्कि अपने समय का एक हिस्सा उन्हें दें, उन्हें गले लगाएं और कहें “मां, आप सबसे अनमोल हो। आप जैसी कोई नहीं।”