Breaking News

केरलम इलेक्शन: चुनाव प्रचार का कल आखिरी दिन, प्रियंका गांधी वायनाड में करेंगी रैली     |   'तुरंत जमानत नहीं', नेपाल सुप्रीम कोर्ट सख्त, ओली और रमेश लेखक को राहत से इनकार     |   PAN कार्ड केस: आजम और उनके बेटे अब्दुल्ला खान की अपील पर फैसला 20 अप्रैल को संभव     |   डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध को लेकर पाकिस्तान का सीजफायर प्रस्ताव नामंजूर किया     |   IPL 2026: केकेआर ने टॉस जीतकर चुनी बैटिंग, पंजाब किंग्स से है मुकाबला     |  

प्रमुख शेयरों में खरीदारी से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 769 अंक उछला

दिग्गज कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी में खरीदारी आने से शुक्रवार को स्थानीय शेयर बाजार चढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स में 769 अंकों की बढ़त रही जबकि निफ्टी 243 अंक चढ़ गया। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स स्थिर शुरुआत के बाद तेजी से उछला और 769.09 अंक यानी 0.95 प्रतिशत बढ़कर 81,721.08 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 953.18 अंक बढ़कर 81,905.17 पर पहुंच गया था। 

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 243.45 अंक यानी 0.99 प्रतिशत बढ़कर 24,853.15 अंक पर बंद हुआ। इसके साथ ही सूचकांक पिछले कारोबारी सत्र की गिरावट से उबरने में सफल रहे। 
गुरुवार को सेंसेक्स 644.64 अंक गिरकर 80,951.99 अंक और निफ्टी 203.75 अंक गिरकर 24,609.70 अंक पर बंद हुआ था। शुक्रवार को सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 29 के शेयरों में बढ़त रही। 

इटरनल (पूर्व में जोमैटो), पावर ग्रिड, आईटीसी, बजाज फिनसर्व, नेस्ले, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। दूसरी तरफ, सन फार्मा करीब दो प्रतिशत की गिरावट के साथ सेंसेक्स की नुकसान में रहने वाली इकलौती कंपनी रही। मार्च तिमाही में सन फार्मा के एकीकृत शुद्ध लाभ में करीब 19 प्रतिशत की गिरावट आने के बाद इसमें बिकवाली हुई। 

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की 225 सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक क्षेत्र में बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक नुकसान में रहे। यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार काफी हद तक स्थिर बंद हुए थे। 

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.23 प्रतिशत गिरकर 64.29 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 5,045.36 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।