Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

लूटे गए और अवैध हथियार सात दिन के भीतर लौटाएं, मणिपुर के राज्यपाल का लोगों से आग्रह

मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने हिंसाग्रस्त राज्य के लोगों से लूटे गए और अवैध रूप से हासिल किए गए हथियारों को सात दिनों के भीतर स्वेच्छा से लौटाने का गुरुवार को आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस अवधि में हथियार लौटाने वाले लोगों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। भल्ला ने स्पष्ट किया कि सात दिन की अवधि समाप्त होने के बाद ऐसे हथियार रखने वाले लोगों के खिलाफ “कड़ी कार्रवाई” की जाएगी। 

उन्होंने कहा, “मणिपुर में घाटी और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों के लोगों को शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को प्रभावित करने वाली दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के कारण पिछले 20 महीनों से भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।” राज्यपाल ने कहा कि राज्य के सभी समुदायों को शत्रुता समाप्त करने और समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए, ताकि लोग अपनी सामान्य दिनचर्या पर लौट सकें। 

उन्होंने कहा, "इस बाबत मैं सभी समुदायों के लोगों, खासकर घाटी और पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं से ईमानदारी से अनुरोध करता हूं कि वे स्वेच्छा से आगे आएं और लूटे गए एवं अवैध रूप से हासिल किए गए हथियार व गोला-बारूद को आज से अगले सात दिनों के भीतर निकटतम पुलिस थाने/चौकी/सुरक्षा बलों के शिविर में सौंप दें।" भल्ला ने कहा कि हथियार लौटाने का ये एक कदम शांति सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो सकता है।