Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

इंदौर में एक व्यक्ति ने आत्महत्या की, पत्नी पर उत्पीड़न और कानून के दुरुपयोग का लगाया आरोप

इंदौर में 28 साल के व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदारों की कथित प्रताड़ना के चलते आत्महत्या कर ली और इस कदम से पहले छोड़े गए कथित पत्र में कहा कि महिलाएं कानून का दुरुपयोग कर रही हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को ये जानकारी दी। 

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने बताया कि बाणगंगा थाना क्षेत्र में नितिन पड़ियार  ने अपने घर में सोमवार रात कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पड़ियार के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। 

मिश्रा ने कहा कि पड़ियार ने आत्महत्या से पहले छोड़े कथित पत्र में अपनी पत्नी, सास और पत्नी के दूसरे नजदीकी रिश्तेदारों के नामों का जिक्र करते हुए प्रताड़ना के आरोप लगाए 
हैं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे। 

आत्महत्या से पहले छोड़े गए कथित पत्र में पड़ियार ने लिखा, ‘‘मैं नितिन पड़ियार भारत सरकार से यह विनती करता हूं कि भारत का कानून बदलें क्योंकि महिलाएं इस कानून का दुरुपयोग कर रही हैं। अगर आपने ये कानून-व्यवस्था नहीं बदली, तो रोज कई लड़के और उनके परिवार उजड़ते रहेंगे।’’ 

पड़ियार ने इस पत्र में यह भी कहा, ‘‘भारत के सभी युवाओं से मेरा निवेदन है कि शादी ना करें और अगर करते भी हैं तो एग्रीमेंट बनवाकर शादी करें।’’ पत्र में आगे कहा गया है, ‘‘अगर किसी को यह समझ आए कि मेरे साथ बुरा हुआ है, तो मेरे मरने के बाद मुझे न्याय दिलाए और अगर समझ ना आए, तो खुद की बारी का इंतजार करे।’’ पुलिस ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।