Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

यूपी के हमीरपुर में बड़ा हादसा, यमुना नदी में पलटी नाव, लापता छह लोगों में से 3 के शव बरामद

हमीरपुर जिले में कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर पटिया गांव में बुधवार शाम हुए दर्दनाक नाव हादसे में राहत और बचाव कार्य जारी है। गुरुवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी से तीन शव बरामद कर लिए हैं। अभी भी अन्य लापता लोगों की तलाश की जा रही है। बता दें कि रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले महिला बृजरानी का शव बरामद किया। इसके कुछ समय बाद एक करीब 14 वर्षीय किशोरी का शव भी पानी से निकाल लिया गया है। वहीं, तीसरा शव नौ वर्षीय बच्ची रानी का बरामद हुआ है। हादसे के बाद से कुल छह लोग लापता थे। तीन शव मिलने के बाद अब तीन अन्य की तलाश की जा रही है।

कुरारा थाना क्षेत्र की भौली ग्राम पंचायत के मजरा कुतुबपुर पटिया में बुधवार देर शाम यमुना नदी में संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई। नाव में नौ लोग सवार थे। इनमें से दो लोगों को नाविक ने सुरक्षित निकाल लिया लेकिन छह लोगों का कुछ पता नहीं चला। देर रात तक स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य जारी था। नदी में जाल डालकर लापता लोगों की तलाश की जा रही थी।

कुतुबपुर पटिया निवासी विष्णु की भतीजी की शादी मंगलवार को थी। बुधवार को लड़की की विदाई होने के बाद परिवार और रिश्तेदार शाम करीब चार बजे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर यमुना नदी के टापू पर खरबूजा, ककड़ी और तरबूज लेने गए थे। देर शाम करीब छह बजे सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। नाव चला रहे विष्णु , रिंकू पुत्र राजू निवासी कुतुबपुर पटिया और पारुल पुत्री बउआ निवासी कुतुबपुर पटिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीनों को बेहोशी की हालत में सीएचसी कुरारा भेजा गया, जहां उनका उपचार हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, सीओ सदर राजेश कमल और थाना प्रभारी बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया गया। पुलिस ने कुतुबपुर से पटिया तक यमुना नदी में जाल बिछाकर लापता छह लोगों की तलाश की। आसपास के गोताखोरों को भी बुलाया गया। थाना प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में नाव ओवरलोड होने जैसी बात सामने नहीं आई है। अंधेरा होने और संतुलन बिगड़ने के चलते हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है