Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

गुजरात में ATS और कोस्ट गार्ड की बड़ी कार्रवाई, 1,150 करोड़ की 115 KG कोकीन जब्त

भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात ATS ने संयुक्त खुफिया अभियान के तहत गुजरात के मुंद्रा तट के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 118 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। यह ऑपरेशन 25 और 26 मई की रात अंधेरे में चलाया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 1150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गुजरात के पुलिस महानिदेशक (DGP) केएलएन राव ने बताया कि मुंद्रा पोर्ट के बाहरी एंकरिंग क्षेत्र में एक जहाज को रोका गया, जहां से छह बैग में रखी गई कोकीन बरामद हुई।

DGP के अनुसार, यह जहाज ब्राजील, कई लैटिन अमेरिकी देशों, मैक्सिको, अमेरिका और कराची होते हुए गुजरात तट तक पहुंचा था। उन्होंने बताया कि दो विदेशी नागरिक इस खेप को जहाज के जरिए लाए थे, जिसे दिल्ली में मौजूद तंजानिया और युगांडा के नागरिकों तक पहुंचाया जाना था। ATS गुजरात से मिली विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर ICG की इंटरसेप्टर बोट्स ने ATS अधिकारियों के साथ मिलकर मुंद्रा एंकरिंग क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान मुंद्रा तट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर खड़े कंटेनर जहाज ‘MV Europe’ पर संदिग्ध गतिविधि देखी गई, जहां से कुछ बैग समुद्र में फेंके जाते दिखाई दिए।

इसके बाद ICG और ATS की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बेहद कम दृश्यता वाली रात में समुद्र से पांच बैग बरामद किए। जांच में बैगों के अंदर सफेद पाउडर मिला, जिसकी जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई। DGP राव ने बताया कि इस संयुक्त अभियान में अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के पास से हाई कम्युनिकेशन सैटेलाइट फोन और एक एप्पल टैग भी बरामद किया गया है, जिनसे महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह पर लाया गया है। ICG, गुजरात ATS और अन्य एजेंसियां पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क की जांच में जुटी हुई हैं।