Breaking News

ईरान ने अमेरिका के साथ डिप्लोमैटिक बातचीत बंद की     |   अगले 48 घंटे सावधान रहें: भारत सरकार का ईरान में रह रहे भारतीयों को संदेश     |   आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी: ट्रंप की ईरान को बड़ी धमकी     |   ईरान का पलटवार, इजरायल पर पहली बार बाइपॉड लॉन्चर्स से वार, शारजाह पर भी अटैक     |   ईरान: करज शहर में बिजली ठप, हमले में ट्रांसमिशन लाइनों पर गिरे प्रोजेक्टाइल     |  

कांग्रेस छोड़ BJP में शामिल हुए सांसद प्रद्युत बोरदोलोई, असम चुनाव से पहले बड़ा झटका

असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी से इस्तीफा देने के बाद सांसद प्रद्युत बोरदोलोई बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। बोरदोलोई ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व द्वारा नजरअंदाज किए जाने और आंतरिक उपेक्षा के चलते कांग्रेस छोड़ने का फैसला लिया। उन्होंने साफ किया कि उनका इस्तीफा केवल टिकट न मिलने की वजह से नहीं, बल्कि “कई मुद्दों” के कारण था।

उन्होंने कहा, “मेरे लिए टिकट जीवन-मरण का सवाल नहीं था। मेरे लिए जरूरी था कि मैं सम्मान के साथ काम करूं। कांग्रेस ने मुझे बहुत कुछ दिया है, लेकिन मैं अपमान सहकर पद पर बने रहना नहीं चाहता था।” उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा सांसद के रूप में उनके कार्यकाल के अभी तीन साल बाकी हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पार्टी छोड़कर आगे काम करने का निर्णय लिया।

वहीं, कांग्रेस के एक अन्य नेता नवज्योति तालुकदार, जिन्होंने हाल ही में एपीसीसी उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था, ने भी बोरदोलोई के भाजपा में शामिल होने की पुष्टि की। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को एक “डायनेमिक लीडर” बताया। बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उनके बेटे को मार्गेरिटा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

गौरतलब है कि बोरदोलोई का यह कदम ऐसे समय पर आया है जब एक महीने पहले ही असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा नीत एनडीए तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस सत्ता में लौटने के लिए जोर लगा रही है।