Breaking News

हॉकी इंडिया ने कोच सुधीर गोला को हटाया, भोपाल में चल रहे अंडर-18 कैंप के बीच एक्शन     |   इराक के नए प्रधानमंत्री अली फलीह कादिम अल-जैदी को PM मोदी ने दी बधाई     |   NEET पेपर लीक: NTA दफ्तर पर यूथ कांग्रेस का प्रोटेस्ट     |   सपा नेता आजम खान दोषी करार, अफसर से जूते साफ कराने का दिया था बयान     |   प्रतीक यादव की अस्थियां लेकर आज हरिद्वार पहुंचेगा यादव परिवार, VIP घाट पर होगा विसर्जन     |  

हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

कांग्रेस ने बुधवार को लोकसभा में सरकार पर मणिपुर के हालात को छिपाने के लिए अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस को ढाल की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया, जिसके जवाब में सरकार ने कांग्रेस पर सोरोस के साथ मिलीभगत करके देश को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए उसे देश की आंतरिक समस्याओं के लिए जिम्मेदार ठहराया।

इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप और शोर-शराबे के कारण निचले सदन यानी लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। कई दिनों के बाद सदन में बुधवार को प्रश्नकाल सामान्य ढंग से चला और शून्यकाल की कार्यवाही भी कुछ देर सामान्य तरीके से चली। सदन में उस समय हंगामा मच गया जब कांग्रेस सदस्य गौरव गोगोई ने मणिपुर में हिंसा का मुद्दा उठाया और बीजेपी पर पूर्वोत्तर राज्य में अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए सोरोस मुद्दा उठाने का आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस पर कहा, ‘‘देश की आंतरिक समस्याओं के लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है। वे विदेशी ताकतों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उनकी विदेशी ताकतों के साथ सांठगांठ है, जिसके कारण देश आंतरिक समस्याओं का सामना कर रहा है।’’ हंगामा बढ़ने पर पीठासीन सभापति संध्या राय ने कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी।