Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

KGMU Lucknow: KGMU में मेडिकल स्टूडेंट के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक 'एडिशनल प्रोफेसर' निलंबित

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के एक ‘एडिशनल प्रोफेसर’ को एक मेडिकल छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।  पिछले साल दिसंबर के बाद से केजीएमयू में ये तीसरी ऐसी शिकायत है। विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति ने मामले की जांच शुरू कर दी है। केजीएमयू के प्रवक्‍ता केके सिंह ने एक वीडियो बयान में कहा कि एक एमडी छात्रा ने बुधवार को अपने ही विभाग के एक ‘एडिशनल प्रोफेसर’ पर कार्यस्‍थल पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।

सिंह ने कहा, "शिकायत को गंभीरता से लेते हुए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए, आरोपी को निलंबित कर दिया गया है और जांच के दौरान विभाग में आने पर उन पर रोक लगा दी गई है।" विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने कहा कि आंतरिक शिकायत समिति के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये मामला केजीएमयू के डॉक्टर डॉ. रमीजुद्दीन नाइक उर्फ रमीज मलिक पर एक सहयोगी महिला चिकित्सक द्वारा यौन शोषण, धर्म परिवर्तन और ‘लव जिहाद’ के आरोप लगाए जाने पर उसे गिरफ्तार किए जाने के लगभग एक महीने बाद हुआ है। संस्‍थान ने तब उन्हें नौकरी से निकालने की सिफारिश की थी। जनवरी में एक अलग मामले में पुलिस ने केजीएमयू के इंटर्न मोहम्मद आदिल को एक नर्सिंग छात्रा से जुड़े कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेल मामले में गिरफ्तार किया था।