Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

J&K: अनंतनाग के मीरबाजार में कबाड़ फैक्ट्री में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के मीरबाजार क्षेत्र में रविवार को एक कबाड़ फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह फैक्ट्री राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित है, इसलिए दूर-दूर तक उठती लपटें और धुएं का घना गुबार देखा गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में आवाजाही भी प्रभावित हुई। कुलगाम पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं के बादल देखकर स्थानीय लोगों और हाईवे से गुजर रहे यात्रियों में चिंता फैल गई।दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं और कोशिश की जा रही है कि आग आसपास की इमारतों तक न फैले। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। कुलगाम पुलिस ने कहा कि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है।

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के लारीपोरा इलाके में असल रिसॉर्ट की तीन संरचनाओं और एक वाहन में आग लग गई थी। फायर एंड इमरजेंसी विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया था और किसी के घायल होने की खबर नहीं थी। फरवरी 2026 में श्रीनगर के नौहट्टा क्षेत्र में भी भीषण आग लगी थी, जिसमें कई मकान जलकर खाक हो गए थे। हालांकि उस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई थी। फिलहाल मीरबाजार की इस घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार है।