पाकिस्तान ने गुरुवार की रात भारत के शहरों पर हमला करने की नाकाम कोशिश की. पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर की ओर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया हैं. हालांकि, भारतीय रक्षा बलों ने पाकिस्तान के हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया. पाकिस्तान ने जम्मू के सतवारी, सांबा, आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर में 8 मिसाइलें दागीं, भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने सभी को हवा में रोककर नष्ट कर दिया. भारत की तरफ से कई ड्रोनों को भी नष्ट किया गया है. पाकिस्तान की हमले की नाकाम कोशिश के बाद जम्मू संभाग के सांबा में पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है और सायरन बज रहे हैं. वहीं, पाकिस्तान की तरफ से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे सीमावर्ती इलाकों - आरएस पुरा, अरनिया, सांबा, हीरानगर पर भारी गोलाबारी की जा रही है. पाकिस्तान ने जम्मू को निशाना बनाने की कोशिश की. आरएस पुरा, अरनिया, सांबा, हीरानगर में आठ मिसाइलें दागी गईं, जिन्हें वायु रक्षा इकाइयों ने रोक दिया. रात 9 बजे के आसपास जम्मू से जोरदार धमाके सुनाई दिए, उसके बाद सायरन की आवाजें सुनाई दीं और बिजली गुल हो गई. जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में अब पूरी तरह से ब्लैकआउट घोषित कर दिया गया है. पंजाब के फिरोजपुर और गुरुदासपुर तथा पाकिस्तान की सीमा से सटे राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी ब्लैकआउट घोषित किया गया है. जम्मू में एक के बाद कई धमाके होने की खबर है. हवाई हमले के सायरन और पूरी तरह से ब्लैकआउट की खबरें आ रही हैं. जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में भारतीय सेना की वायु रक्षा यूनिट ने दो पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया. साथ ही सेक्टर में दोनों पक्षों के बीच भारी गोलाबारी हुई. भारतीय वायु रक्षा बलों ने पठानकोट सेक्टर में एक पाकिस्तानी वायुसेना के जेट को मार गिराया है. हालांकि, अभी सरकार की तरफ से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.