Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

हिमाचल प्रदेश: मार्च में बर्फबारी की वापसी से सोलंग वैली में लौटी रौनक

मार्च में हुई ताजा बर्फबारी ने हिमाचल प्रदेश के सोलंग वैली के पर्यटन उद्योग में नई जान फूंक दी है। बर्फ की कमी के कारण लंबे समय से बंद पड़ी स्कीइंग, ट्यूब राइडिंग और स्नोमोबाइल जैसी गतिविधियां अब फिर से शुरू हो गई हैं। पिछले कुछ हफ्तों से घाटी में बर्फ नहीं होने के कारण पर्यटन कारोबार पर बुरा असर पड़ा था और स्थानीय व्यवसायियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा था। लेकिन हालिया बर्फबारी ने हालात पूरी तरह बदल दिए हैं।

ताजा बर्फ की मोटी परत जमने के बाद सोलंग वैली में पर्यटकों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिली है। मैदानी इलाकों की बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं और लाइव स्नोफॉल के बीच एडवेंचर एक्टिविटीज का आनंद ले रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बर्फबारी उनके लिए किसी बोनस से कम नहीं है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल बना रहेगा और इससे कारोबार में अच्छा इजाफा होगा।

स्थानीय निवासी अनुप ठाकुर ने बताया कि कुछ दिन पहले तक क्षेत्र पूरी तरह सूखा था, जिससे सभी गतिविधियां बंद थीं, लेकिन अब बर्फबारी के बाद सब फिर से शुरू हो गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसका फायदा सेब की फसल को भी मिलेगा। वहीं, स्थानीय व्यवसायी तेज सिंह ने बताया कि 26 जनवरी के बाद पहली बार हुई इस बर्फबारी से कारोबार को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि बर्फबारी से न केवल पर्यटन बढ़ा है, बल्कि बागानों और सेब की फसल के लिए भी यह फायदेमंद है। साथ ही, पहले लगी जंगल की आग भी अब बुझ चुकी है। लुधियाना से आए पर्यटक सोनू कुमार ने बताया कि उन्होंने पहली बार लाइव बर्फबारी का अनुभव किया, जो उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने सोलंग वैली को पिकनिक और एडवेंचर के लिए शानदार जगह बताते हुए लोगों से यहां आने की अपील की।