Breaking News

दिल्ली: गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से बाइक सवार 3 लोग गिरे, गंभीर रूप से घायल     |   ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस्तीफे का ऐलान किया     |   फिरोजाबाद: CM योगी ने 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया     |   निहंग-व्यापारी विवाद: पंजाब के CM भगवंत की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत हुई     |   उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में हुए पुल हादसे का संज्ञान लिया     |  

हिमाचल प्रदेश: कुल्लू में टेंपो ट्रैवलर के खाई में गिरने से चार पर्यटकों की मौत, 14 घायल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पर्यटकों से भरे एक टेंपो ट्रैवलर के शनिवार रात सड़क से फिसलकर खाई में गिर जाने से दो महिलाओं समेत चार पर्यटकों की मौत हो गई और 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार वाहन में दो बच्चों समेत 22 लोग सवार थे और यह वाहन जालोरी दर्रे से लौट रहा था।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, 15 किलोमीटर के मार्ग पर भुंतर की ओर उतरते समय लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन हो जाने के कारण पर्यटक वाहन फिसल गया। पुलिस ने बताया कि कम से कम 18 पर्यटकों को बचा लिया गया है। उसने बताया कि इनमें से 14 लोग घायल हैं और उन्हें बंजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि एक यात्री की हालत गंभीर बताई गई है और चार पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस, अग्निशमन सेवा के कर्मी और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं। पर्यटक जीभी में एक होटल में ठहरे हुए थे जो बंजार कस्बे से करीब 10 किलोमीटर दूर है। हादसा बंजार कस्बे में हुआ।