Breaking News

ईरान और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की फोन पर बातचीत, सीजफायर से मुद्दों पर चर्चा     |   इजरायल-लेबनान के प्रतिनिधियों के बीच सीजफायर पर 23 अप्रैल को वॉशिंगटन में बातचीत     |   सऊदी की आपत्ति के बाद PAK ने सूडान को $1.5 अरब के हथियार बेचने की डील रद्द की     |   राजस्थान: आग लगने की वजह से HRRL रिफाइनरी के उद्घाटन का PM का कार्यक्रम टला     |   उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 आईएस अधिकारियों का तबादला हुआ     |  

टाटा स्टील शतरंज 2025: डी गुकेश ने चीन के वेई यी से ड्रॉ खेला, प्रज्ञाननंदा ने कारुआना को हराया

विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने चीन के वेई यी के खिलाफ आसान ड्रॉ खेल कर टाटा स्टील मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में अपनी आधे अंक की बढ़त बरकरार रखी, जबकि आर. प्रज्ञाननंदा ने अमेरिका के टॉप सीडेड फैबियानो कारुआना को हराकर खुद को खिताब का प्रबल दावेदार बनाए रखा। 

डी. गुकेश ने सफेद मोहरों से खेलते हुए वेई यी के खिलाफ 30 चाल मेंं बाजी ड्रॉ कराई। उनके अब संभावित 11 में से आठ अंक हैं। प्रज्ञाननंदा ने काले मोहरों से खेलते हुए जीत हासिल करके कारुआना को चौंका दिया और उनके अब 7.5 अंक हो गए हैं। वे उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसात्तोरोव के साथ संयुक्त दूसरे नंबर पर हैं। 

उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी ने जर्मनी के विंसेंट कीमर के साथ ड्रॉ खेला। भारत के खिलाड़ियों के लिए भी ये दिन अच्छा रहा। पी. हरिकृष्णा ने सर्बिया के एलेक्सी सराना को जबकि लियोन ल्यूक मेंडोंका ने स्लोवेनिया के व्लादिमीर फेडोसीव को हराया। 

इस बीच अर्जुन एरिगैसी ने नीदरलैंड के जॉर्डन वान फॉरेस्ट के साथ अंक बांटे। चैलेंजर्स वर्ग में दिव्या देशमुख ने रोमानिया की इरिना बुलमागा को हराया लेकिन आर. वैशाली अजरबैजान की आयडिन सुलेमानली से हार गईं।