Breaking News

‘होर्मुज से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ईरानी हमले स्वीकार्य नहीं’, बोले US राष्ट्रपति     |   पश्चिम बंगाल: आग में 4,000 EVM जलीं, सबूत मिटाने की साजिश?, TMC का एक्स पोस्ट     |   'हम आरजी कर केस की फाइलें दोबारा खोल रहे हैं', बोले बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री     |   उन्नाव: गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार टाटा पंच, 4 लोगों की मौत     |   ‘काला हिरण’ मूवी मामले में सलमान खान की याचिका पर दिल्ली HC में अब जून को सुनवाई     |  

पूर्व सीएम विजय रूपाणी का भाग्यशाली अंक 1206, बन गया उनकी अंतिम यात्रा की तारीख

Gujarat: पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी 1206 को अपना भाग्यशाली अंक मानते थे और उन्होंने वर्षों से अपने सभी वाहनों का रजिस्ट्रेशन नंबर यही रखा था। ये अंक अब भारत के इतिहास की सबसे भयावह विमान दुर्घटनाओं में से एक का पर्याय बन गया है, जिसमें गुरुवार को रूपाणी और 264 अन्य लोगों की जान चली गई। रूपाणी लंदन जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान में सवार 242 लोगों में शामिल थे। ये फ्लाइट गुरुवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेघाणी नगर इलाके में एक मेडिकल कॉलेज और छात्रावास की इमारत से टकरा गई थी। 

पूर्व मुख्यमंत्री 1206 को अपना भाग्यशाली अंक मानते थे, लेकिन अब 12 जून (12/06) की तारीख उनकी अंतिम यात्रा की तारीख बन गई। रूपाणी के गृहनगर राजकोट के लोग उनकी कार के नंबर 1206 से पहचान लेते थे। राजकोट के स्थानीय लोगों और पत्रकारों के अनुसार, रूपाणी के स्कूटर और कारों पर एक ही नंबर था। 

रूपाणी लंदन में अपनी बेटी के घर जा रहे थे जहां उनकी पत्नी अंजलिबेन पहले से हैं। वे भी बीजेपी की सक्रिय सदस्य हैं। अंजलिबेन शुक्रवार की सुबह गांधीनगर पहुंचीं। गुजरात प्रदेश बीजेपी प्रमुख और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने बृहस्पतिवार को विमान दुर्घटना में रूपाणी की मौत की पुष्टि की।