जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) में मंगलवार को आग लग गई। इसके बाद 150 से ज्यादा मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाला गया। राजौरी शहर में अस्पताल के बेसमेंट में मंगलवार सुबह आग लग गई। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के सहायक निदेशक हिमांशु गुप्ता ने बताया कि आग पर एक घंटे के भीतर काबू पा लिया गया। उनके मुताबिक हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उन्होंने बताया कि वार्डों में धुआं भर जाने के कारण मरीजों और उनके साथ आए लोगों को अस्पताल भवन से बाहर निकाला गया। अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने के सही वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
राजौरी के उपायुक्त अभिषेक शर्मा ने स्थिति का आकलन करने के लिए अपनी टीम के साथ अस्पताल का दौरा किया। शर्मा ने कहा कि हादसे के बाद प्राथमिकता अस्पताल में ओपीडी सहित सामान्य सेवाओं को बहाल करना है।
अस्पताल के अंदर फायर सेफ्टी मैकेनिज्म की कथित विफलता पर उपायुक्त ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों और कई वॉलिंटियरों ने तेजी से काम किया और आग बुझाने की कोशिश की, जिसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने काम संभाला और आग को बेसमेंट क्षेत्र तक सीमित कर दिया।