दिशा सालियन के पिता सतीश सालियन ने मंगलवार को मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय में जाकर आदित्य ठाकरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए शपथपत्र सौंपा। कुछ दिन पहले उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर अपनी बेटी की मौत की दोबारा जांच की मांग की थी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि दिशा की हत्या और उसके साथ गलत काम हुआ और कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए मामले को दबा दिया गया।
उन्होंने कोर्ट से आदित्य ठाकरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की। ये मामला अप्रैल के पहले हफ्ते में सुनवाई के लिए आ सकता है। दिशा के पिता के वकील नीलेश ओझा ने बताया कि संयुक्त पुलिस आयुक्त और पुलिस आयुक्त ने शिकायत को स्वीकार कर लिया है। वकील नीलेश ओझा ने आरोप लगाया कि आदित्य ठाकरे दिशा सालियन के गैंगरेप और हत्या के मुख्य आरोपी हैं और उद्धव ठाकरे ने अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर इस मामले को दबाने की कोशिश की।
ओझा ने कहा, "आदित्य ठाकरे पर गैंगरेप और हत्या का आरोप है। उद्धव ठाकरे ने अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर मामले को छिपाने की कोशिश की। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के पास आदित्य ठाकरे के ड्रग तस्करी में शामिल होने के आधिकारिक रिकॉर्ड हैं। हम अपनी शिकायत में ये सब शामिल कर रहे हैं और आज कुछ तस्वीरें जारी करेंगे।" 8 जून 2020 को दिशा सालियन की मुंबई के मलाड में एक बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आकस्मिक मौत (एडीआर) का मामला दर्ज किया था।