दिल्ली वालों के लिए इस बार भी दिवाली पर पटाखे बैन रहेंगे. दिल्ली सरकार ने यह फैसला हर बार की तरह इस बार भी सर्दियों में होने वाले प्रदूषण के मद्देनजर लिया है. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में सर्दियों के मौसम में बढ़ने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केजरीवाल सरकार ने पिछले साल की तरह इस बार भी पटाखों के उत्पादन, भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है.
इसके साथ ही गोपाल राय ने यह भी बताया कि इस बार पटाखों की ऑनलाइन बिक्री और डिलीवरी पर भी बैन रहेगा. पटाखों के उत्पादन ,भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल पर यह बैन अगले साल जनवरी तक लागू रहेगा. इस प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने को लेकर दिल्ली पुलिस, DPCC और राजस्व विभाग के साथ मिलकर कार्य योजना बनाई जाएगी. गोपाल राय ने यह भी बताया कि सरकार प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 21 फोकस पॉइन्ट्स पर विंटर एक्शन प्लान बना रही है.