Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

दिल्ली-NCR की हवा हुई खराब, AQI पहुंचा 208, पूरे NCR में GRAP-1 लागू

दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गई है. मंगलवार को राजधानी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 208 दर्ज किया गया, जिसके बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पूरे NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण यानी स्टेज-1 की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी हैं. यह कदम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और संशोधित GRAP शेड्यूल के तहत उठाया गया है. 

CAQM द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिल्ली सहित NCR के सभी शहरों में अब GRAP-I के तहत निर्धारित उपाय लागू किए जाएंगे. यह चरण तब लागू किया जाता है, जब AQI 201 से 300 के बीच पहुंच जाता है, जिसे खराब श्रेणी माना जाता है. आयोग ने बताया कि 19 मई 2026 को दिल्ली का AQI लगातार बढ़ते हुए 208 तक पहुंच गया. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी वायु गुणवत्ता इसी श्रेणी में बनी रह सकती है. इसी को देखते हुए GRAP की उप-समिति ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया.

GRAP-I के तहत सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, धूल नियंत्रण, निर्माण स्थलों की निगरानी, खुले में कचरा जलाने पर रोक और प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर सख्त कार्रवाई जैसे उपाय लागू किए जाते हैं. संबंधित एजेंसियों को इन उपायों को सख्ती से लागू करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.

CAQM ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है. लोगों से आग्रह किया गया है कि वे निजी वाहनों का कम उपयोग करें, सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें, खुले में कचरा या पत्तियां न जलाएं और धूल फैलाने वाली गतिविधियों से बचें. आयोग ने स्पष्ट किया है कि वह दिल्ली-NCR की हवा की गुणवत्ता पर लगातार नजर बनाए रखेगा. AQI और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर जरूरत पड़ने पर आगे के चरणों की पाबंदियां भी लागू की जा सकती हैं. दिल्ली-NCR में गर्मी के साथ बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि खराब हवा से बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.