Chhattisgarh: नारायणपुर के प्रसिद्ध लकड़ी की नक्काशी कलाकार पंडी राम मंडावी को भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। पारंपरिक वाद्य-यंत्र बनाने और लकड़ी की नक्काशी में अपने अपार योगदान के लिए पहचाने जाने वाले 68 साल के कलाकार ने अपना जीवन बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए समर्पित कर दिया है।
पंडी राम ने पंद्रह वर्ष की आयु में लकड़ी की नक्काशी की कला सीखी, उन्हें ये कौशल अपने पूर्वजों से विरासत में मिला था। पिछले पांच दशकों में, उन्होंने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि दिलाई है। उन्होंने कहा, "मैंने अपने बच्चों को ये कला सिखाई है, लेकिन मेरी आशा है कि नई पीढ़ी मेरे शिल्प से जुड़ेगी ताकि ये उनके लिए फलता-फूलता रहे।"
पंडी राम बस्तर की पारंपरिक बांस की बांसुरी 'सुलूर' बनाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी कला बांसुरी से लेकर लकड़ी की मूर्तियों, चित्रों और नक्काशी तक फैली हुई है। उनके कामों को न देश-विदेश सब जगह एक अलग ही पहचान मिली है।
अपनी असाधारण शिल्पकला के लिए, पंडीराम को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिसमें केरल सरकार के ललित कला अकादमी द्वारा जय स्वामीनाथन पुरस्कार भी शामिल है। छत्तीसगढ़ सरकार ने हस्तशिल्प के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें शिल्पगुरु की उपाधि से भी सम्मानित किया है।