Breaking News

CUET UG 2026: तकनीकी गड़बड़ी की बात NTA ने मानी, दोबारा होगी प्रभावित छात्रों की परीक्षा     |   नोएडा के स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आग बुझाने में जुटी दमकल की 6 गाड़ियां     |   दिल्ली में आंधी-तूफान का खतरा, IMD का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी     |   'मेरा क्या हाल किया गया, सबने देखा', सोनारपुर में हमले के बाद अभिषेक बनर्जी का BJP पर निशाना     |   ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला     |  

उत्तर बंगाल पहुंचे CM सुवेंदु अधिकारी, AIIMS-IIT और कैंसर अस्पताल खोलने का वादा दोहराया

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी बुधवार को शपथ लेने के बाद पहली बार उत्तर बंगाल पहुंचे। बागडोगरा एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल ने लगातार बीजेपी का समर्थन किया है और उनकी सरकार इस क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर बंगाल को विकास की नई दिशा दी जाएगी।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बीजेपी के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को दोहराते हुए कहा कि उत्तर बंगाल में AIIMS, IIT और एक अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल स्थापित किया जाएगा। उनका कहना था कि इन संस्थानों की स्थापना से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और उच्च शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि उत्तर बंगाल के बीजेपी मंत्री हर सप्ताह ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी, प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा और क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी।

बीजेपी सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि पिछली सरकारों ने उत्तर बंगाल के साथ सौतेला व्यवहार किया था, लेकिन अब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में क्षेत्र को उसका सम्मान और विकास दोनों मिलेंगे। वहीं, बीजेपी विधायक बिशाल लामा ने कहा कि मुख्यमंत्री के पहले दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और सिलिगुड़ी को विशेष रूप से सजाया गया है।

राज्य मंत्री दिलीप घोष ने भी कहा कि सरकार उत्तर बंगाल के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में पंचायत राज व्यवस्था लागू करने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर तृणमूल कांग्रेस के 15 साल पुराने शासन का अंत किया और राज्य में सरकार बनाई।