Breaking News

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच US का अलर्ट, लेबनान की यात्रा से बचें     |   सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे अन्ना हजारे     |   सुप्रीम कोर्ट में पत्र याचिका दायर, सोनम वांगचुक को दोबारा जंतर-मंतर भेजने की मांग     |   जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क दुर्घटना में 6 लोग घायल     |   जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके पर महिला ने फेंकी इंक     |  

CM धामी ने CM हेल्पलाइन शिकायत पर किया मौके का निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को CM हेल्पलाइन पर आई एक शिकायत को केवल फाइलों में निपटाने के बजाय खुद मौके पर जाकर उसका निरीक्षण किया। देहरादून के जाखन क्षेत्र में राजपुर रोड पर क्षतिग्रस्त फुटपाथ की शिकायत मिलने पर सीएम सीधे स्थल पर पहुंच गए। यह शिकायत स्थानीय निवासी विवेक मदान ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे बने फुटपाथ को उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने भूमिगत बिजली लाइन बिछाने के दौरान खोद दिया था। बाद में मिट्टी को ठीक से नहीं भरा गया, जिससे टाइल्स धंस गईं और फुटपाथ पैदल चलने लायक नहीं रहा।

निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने अधिकारियों को वीडियो कॉल के जरिए फुटपाथ की वास्तविक स्थिति दिखाई और काम में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम ने यह भी कहा कि भूमिगत लाइन बिछाने के बावजूद कई जगह बिजली के तार ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जो आम लोगों के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना योजना के बार-बार काम करने से न सिर्फ जनता को परेशानी होती है, बल्कि संसाधनों की भी बर्बादी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे आगे भी ऐसे निरीक्षण करते रहेंगे। साथ ही मुख्य सचिव आनंद बर्धन को निर्देश दिए कि राज्यभर में इस तरह की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इस दौरान सीएम धामी ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।