Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

NEET Paper Leak: सीबीआई ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार, देशभर में कई जगहों पर चलाया तलाशी अभियान

NEET Paper Leak: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और देश भर में कई जगहों पर तलाशी अभियान चला रहा है। अधिकारियों ने बुधवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने जयपुर से तीन, गुरुग्राम से एक और नासिक से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि कई और संदिग्धों से अलग-अलग शहरों में पूछताछ की जा रही है और उन्हें बाद में गिरफ्तार किया जा सकता है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में नासिक के 30 साल के शुभम खैरनार को आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है, क्योंकि स्थानीय मजिस्ट्रेट अदालत ने सीबीआई को उसके लिए ‘ट्रांजिट रिमांड’ मंजूर कर ली है। राजस्थान पुलिस के अनुरोध पर नासिक पुलिस ने मंगलवार को खैरनार को हिरासत में लिया था।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को जांच का जिम्मा संभालने के बाद सीबीआई देशभर में मिले नए सुरागों के आधार पर कई जगहों पर तलाशी अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने संदिग्धों से मोबाइल फोन और लैपटॉप समेत कई डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि उन मैसेजिंग ऐप का पता लगाया जा सके जिनका इस्तेमाल प्रश्न पत्रों को भेजने के लिए किया गया हो।

एजेंसी सूत्रों के अनुसार, सीबीआई राजस्थान के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ समन्वय कर रही है, जिसने इस मामले में प्रारंभिक जांच की थी। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सीबीआई व्यापक तकनीकी और फॉरेंसिक विश्लेषण के माध्यम से कथित पेपर लीक से संबंधित सभी सुरागों का पता लगा रही है और इस मामले में एक व्यापक, निष्पक्ष और पेशेवर जांच करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

सीबीआई की टीम ने बुधवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के मुख्यालय का दौरा किया, जहां उसने नीट-यूजी परीक्षा से संबंधित दस्तावेज एकत्र किए। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। सीबीआई की टीम ने जांच प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों से भी बात की। सीबीआई ने नीट यूजी के कथित प्रश्नपत्र लीक मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच के लिए टीम गठित की थीं।

पेपर लीक के परिणामस्वरूप तीन मई को आयोजित परीक्षा रद्द कर दी गई। नीट-यूजी 2026 का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेशों में स्थित 14 केंद्रों पर किया गया था। इस परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसका संचालन एनटीए द्वारा देश भर के केंद्रों पर किया गया था।