Madhya Pradesh: मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स सोहरा में एक झरने के पास गहरी खाई में इदौर के लापता दंपति में से पति राजा रघुवंशी का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं पत्नी की तलाश अभी भी जारी है। मृतक राजा के भाई सचिन ने अपनी भाभी की तलाश जारी रखने की अपील की है। साथ ही इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की भी मांग की है।
इंदौर में मृतक के भाई सचिन ने कहा, "मैंने अपने भाई को खो दिया है। मैं अपने भाई की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग करता हूं क्योंकि यह एक साजिशन हत्या जैसी लगती है।"उन्होंने मेघालय सरकार से अपने भाई की पत्नी सोनम को ढूंढने की भी अपील की है। जो अभी भी लापता है।
29 साल के राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम हनीमून पर मेघालय आए थे। 23 मई को नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ ही घंटों बाद वे गायब हो गए थे। ये स्थान उस जगह से 20 किलोमीटर दूर है जहां उनका शव मिला था।
मेघालय पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। जिस जगह पर राजा रघुवंशी का शव मिला, वहां से एक महिला की सफेद शर्ट, मोबाइल फोन की एलसीडी स्क्रीन का एक हिस्सा और एक स्मार्टवॉच बरामद की गई है।