पश्चिम बंगाल की मणिकतला विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार तापस रॉय ने सोमवार को राज्य विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के मजबूत प्रदर्शन का भरोसा जताया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को 168 से 174 सीटें मिल सकती हैं। एएनआई से बातचीत में रॉय ने कहा, "मेरे अनुमान के अनुसार हमें 168 से 174 सीटें मिलेंगी। उन्हें (टीएमसी) यह पसंद नहीं है कि इस चुनाव में कोई हिंसा नहीं हुई, कोई खून-खराबा नहीं हुआ।"
इस बीच चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 823 सीटों पर मतगणना शुरू हो चुकी है। शुरुआती पोस्टल बैलेट रुझानों में असम में भाजपा नीत एनडीए 25 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस गठबंधन 7 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। केरल में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है, जहां दोनों 50 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रहे हैं।
तमिलनाडु में डीएमके ने एआईएडीएमके गठबंधन पर शुरुआती बढ़त बनाई है, जबकि पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच करीबी मुकाबला जारी है। ये सभी आंकड़े शुरुआती पोस्टल बैलेट रुझानों पर आधारित हैं, जबकि ईवीएम वोटों की गिनती सुबह 8:30 बजे से शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग ने अभी तक कोई आधिकारिक रुझान घोषित नहीं किया है।
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में मतगणना जारी है और हर राउंड के नतीजे ECINET प्लेटफॉर्म और चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर रियल टाइम में अपडेट किए जा रहे हैं। मतगणना से पहले सभी काउंटिंग सेंटरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर भाजपा और टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला बताया गया है। कुछ एजेंसियों ने भाजपा को बढ़त दी है, जबकि कुछ ने टीएमसी को मजबूत स्थिति में बताया है। छोटे दलों की भूमिका सीमित रहने का अनुमान है।