Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

BJP के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज पटना में ​करेंगे रोडशो

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन मंगलवार को पहली बार दिल्ली से पटना आ रहे हैं. नितिन नबीन के स्वागत के लिए पटना के मिलर स्कूल मैदान में समारोह का आयोजन किया जा रहा है जबकि हवाई अड्डे से लेकर मिलर स्कूल मैदान तक रोड शो किया जाएगा.

रोड शो के मद्देनजर जिला प्रशासन ने पटना के बेली रोड की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया है. पटना यातायात पुलिस और जिला प्रशासन ने राजधानी के प्रमुख इलाकों में यातायात नियंत्रण को लेकर विशेष निर्णय लिए हैं. रोड शो के दौरान दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक बेली रोड पर आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.

नितिन नबीन का रोड शो पटना हवाई अड्डा से शुरू होकर अरण्य भवन, शेखपुरा मोड़, पटेल भवन, पुनाईचक, पटना उच्च न्यायालय, ऊर्जा भवन, आयकर गोलंबर, बीजेपी प्रदेश कार्यालय होते हुए मिलर हाई स्कूल तक पहुंचेगा. यह पूरा रूट राजधानी के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरता है. रोड शो में शामिल होने वाले छोटे वाहनों के लिए जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक नीचे तक पार्किंग की व्यवस्था की गई है जबकि बड़ी गाड़ियों और बसों को अटल पथ पर खड़ा किया जाएगा.

प्रशासन लगातार नागरिकों से यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है. नितिन नबीन के दौरे को लेकर पटना में सड़क के किनारे बड़े-बड़े होर्डिंग्स और बैनर लगाए गए हैं. मिलर ग्राउंड जहां कार्यक्रम होना है वहां व्यापक तैयारी की गई है. यहां एक बड़ी सभा होनी है. इस सभा में बीजेपी के कार्यकर्ताओं की भारी संख्या में भागीदारी की उम्मीद है.