केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर एक दिवसीय दौरे पर कोलकाता आएंगे. उनके दौरे को राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह दोपहर में कोलकाता पहुंचने के बाद शाम 4.20 बजे भवानीपुर स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
इसके बाद शाम 4.50 बजे वह न्यूटाउन स्थित इको पार्क पहुंचेंगे, जहां डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रस्तावित प्रतिमा का भूमि पूजन करेंगे. भाजपा इस कार्यक्रम को पश्चिम बंगाल में अपने वैचारिक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रही है. शाम करीब सात बजे केंद्रीय गृह मंत्री विश्व बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित विशेष समारोह में शामिल होंगे, जहां ‘भारत केसरी’ डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. कार्यक्रम के समापन के बाद वह शाम करीब 7.20 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.