भारत में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंटेंट देखने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए Amazon Prime Video और Amazon MX Player अब एकीकृत होकर एक ही स्ट्रीमिंग सेवा के रूप में काम करेंगे। इस एकीकरण के बाद Prime सदस्य दोनों प्लेटफॉर्म के ओरिजिनल और एक्सक्लूसिव कंटेंट का आनंद एक ही जगह पर ले सकेंगे। यूजर्स को विज्ञापनों के साथ देखने या विज्ञापन-मुक्त अनुभव चुनने का विकल्प भी मिलेगा।
गौरतलब है कि 2024 में Amazon ने MX Player की कुछ संपत्तियों का अधिग्रहण किया था और उसे Amazon miniTV के साथ मिलाकर Amazon MX Player बनाया गया था। यह प्लेटफॉर्म अपने लोकप्रिय ओरिजिनल कंटेंट और मुफ्त मनोरंजन सेवाओं के लिए जाना जाता है। आने वाले महीनों में इस एकीकरण के जरिए भारत की सबसे बड़ी फ्री और पेड स्ट्रीमिंग सेवाओं को एक ही ब्रांड के तहत लाया जाएगा। इसमें Subscription Video on Demand (SVOD), Advertising Video on Demand (AVOD), Transactional Video on Demand (TVOD) और एड-ऑन सब्सक्रिप्शन जैसी सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
Prime Video के एशिया-प्रशांत और ANZ क्षेत्र के वाइस प्रेसिडेंट गौरव गांधी ने कहा, “Prime Video का उद्देश्य हमेशा दर्शकों के लिए विविधता से भरी और वास्तविक कहानियां पेश करना रहा है। Amazon MX Player के ओरिजिनल कंटेंट और बड़े दर्शक वर्ग के साथ हमारा प्लेटफॉर्म पहले से कहीं अधिक मजबूत हो गया है।”
उन्होंने कहा कि MX Player ने अपने विशाल कंटेंट लाइब्रेरी के जरिए शानदार दर्शक जुड़ाव बनाया है और अब Prime Video के साथ मिलकर यह भारतीय और वैश्विक कंटेंट का सबसे बड़ा संग्रह दर्शकों को उपलब्ध कराएगा। आने वाले महीनों में इस प्लेटफॉर्म पर कई नए और रोमांचक प्रोजेक्ट्स रिलीज होने वाले हैं।