Breaking News

लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |   टीसीएस बीपीओ मामले में नासिक पुलिस की SIT टीम निदा खान की तलाश में मुंब्रा पहुंची     |   दिल्ली के कुछ हिस्सों में गरज के साथ जोरदार बारिश हुई     |  

मुंबई में एअर इंडिया की महिला पायलट ने आत्महत्या की, प्रेमी गिरफ्तार

एअर इंडिया की 25 साल की एक महिला पायलट ने मुंबई में अपने किराए के फ्लैट में डेटा केबल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक इस घटना के सिलसिले में महिला के प्रेमी को हत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 

उन्होंने बताया कि मुंबई के मरोल इलाके में कनकिया रेन फॉरेस्ट बिल्डिंग में रहने वाली सृष्टि तुली ने सोमवार तड़के आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सृष्टि के रिश्तेदार की शिकायत के आधार पर उसके प्रेमी आदित्य पंडित (27) को मंगलवार को हिरासत में ले लिया। 

उन्होंने बताया कि आदित्य पर सृष्टि को परेशान करने, गाली देने और मांसाहारी खाना काने से रोकने के लिए मजबूर करने का आरोप है। पवई पुलिस थाने के अधिकारी के मुताबिक सृष्टि उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी और पिछले साल जून से काम के लिए मुंबई में रह रही थी। सृष्टि और आदित्य दो साल पहले दिल्ली में कमर्शियल पायलट का कोर्स करते समय मिले थे और तभी से दोनों साथ थे। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आत्महत्या का मामला तब सामने आया जब आदित्य कार से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। यात्रा के दौरान सृष्टि ने आदित्य को फोन करके कहा कि वो अपनी जान ले लेगी, इसके तुरंत बाद आदित्य मुंबई पहुंचा और पाया कि सृष्टि के फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद है।

उन्होंने बताया कि आदित्य ने चाबी बनाने वाले की मदद से दरवाजा खुलवाया और देखा कि सृष्टि डेटा केबल से फंदे से लटकी हुई थी। इसके बाद सृष्टि को सेवनहिल्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घर में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। 

पुलिस अधिकारी के मुताबिक इसके बाद सृष्टि के रिश्तेदार ने बाद में पुलिस से संपर्क किया। सृष्टि के परिवार ने आरोप लगाया कि आदित्य अक्सर उसे परेशान करता था और सबसे बीच में अपमानित भी करता था। रिश्तेदार ने दावा किया कि इसके अलावा आदित्य ने उस पर खाने की आदतें बदलने का भी दबाव डाला था।

सृष्टि के रिश्तेदार की शिकायत के आधार पर आदित्य को भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि उसे अदालत में पेश किया गया। फिलहाल वो चार दिन की पुलिस हिरासत में है।