मुंबई तटीय सड़क गलियारे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को अब निर्धारित गति सीमा पर विशेष रूप से बनाए गए खांचों पर गाड़ी चलाते समय मशहूर गाना "जय हो" सुनाई देगा। इस तरह ये भारत की पहली 'संगीतमय' सड़क बन गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को इस सड़क खंड का उद्घाटन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना के पूर्व सांसद राहुल शेवाले भी मौजूद थे।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने तटीय सड़क पर नरीमन पॉइंट से वर्ली की ओर एक खंड विकसित किया है, जिसका नाम धर्मवीर स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखा गया है। बीएमसी ने बताया कि ये विश्व में इस प्रकार की पांचवीं और भारत में अपनी तरह की पहली सड़क है। बीएमसी के अधिकारियों के अनुसार, वर्ली की ओर जाने वाली भूमिगत सुरंग से बाहर निकलने के बाद डिवाइडर से सटी पहली लेन पर लगभग 500 मीटर आगे संगीत की पट्टियां लगाई गई हैं। जब गाड़ियां 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से इन खांचों पर से गुजरती हैं, तो घर्षण से उत्पन्न ध्वनि तरंगें फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के 'जय हो' की धुन पैदा करती हैं, जिसे गाड़ी के अंदर साफ तौर से सुना जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के अंदर, उस हिस्से से 500 मीटर, 100 मीटर और 60 मीटर पहले साइनबोर्ड लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को आगे संगीतमय सड़क और उस अनुभव के लिए वाहन की जरूरी गति के बारे में सूचित किया जा सके। एक दिन पहले जारी एक विज्ञप्ति में, बीएमसी ने कहा कि सड़क की सतह पर विशिष्ट आयामों और अंतरालों वाले खांचे या रंबल स्ट्रिप्स बनाई गई हैं।
जापान-अमेरिका के बाद अब मुंबई में बनी म्यूजिकल सड़क...टायर की रगड़ से बजेगी 'जय हो' गाने की धुन
You may also like
पवन खेड़ा को बड़ी राहत, तेलंगाना हाईकोर्ट ने दी एक सप्ताह की अग्रिम जमानत.
जस्टिस यशवंत वर्मा ने दिया इस्तीफा, नकदी विवाद के बीच छोड़ा पद.
NCERT ने जारी की कक्षा 9 की नई हिंदी किताब ‘गंगा’, NEP 2020 के तहत बड़ा कदम.
भारत-अमेरिका सहयोग पर जोर, विदेश सचिव विक्रम मिसरी की एफबीआई निदेशक से अहम बैठक.