Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

Ahmedabad Plane Crash: डीएनए जांच से 215 मृतकों की पहचान हुई, 198 शव परिजन को सौंपे गए

अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान हादसे में 270 लोगों की मौत होने के एक सप्ताह बाद 215 मृतकों की, डीएनए मिलान के जरिए अब तक पहचान कर ली गई है और 198 शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

कुल 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर 12 जून को लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान एआई-171 अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में एक व्यक्ति को छोड़कर विमान में सवार सभी यात्रियों की मौत हो गई थी और जमीन पर मौजूद अन्य 29 लोग मारे गए थे। 

अधिकारी मृतकों की पहचान करने के लिए डीएनए जांच कर रहे हैं क्योंकि कई शव इतने बुरी तरह से जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं की जा सकती। अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ राकेश जोशी ने  बताया, ‘‘अब तक 215 डीएनए नमूनों का मिलान किया जा चुका है और 198 शव संबंधित परिवारों को सौंप दिए गए हैं।’’ 

जोशी ने बताया कि जिन 198 लोगों के शव सौंपे गए हैं, उनमें 149 भारतीय, 32 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जमीन पर मारे गए नौ लोगों के शव भी उनके रिश्तेदारों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में से छह लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं और सभी की हालत स्थिर है।