Breaking News

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच US का अलर्ट, लेबनान की यात्रा से बचें     |   सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे अन्ना हजारे     |   सुप्रीम कोर्ट में पत्र याचिका दायर, सोनम वांगचुक को दोबारा जंतर-मंतर भेजने की मांग     |   जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में सड़क दुर्घटना में 6 लोग घायल     |   जंतर-मंतर पर अभिजीत दिपके पर महिला ने फेंकी इंक     |  

यमराज बनकर दौड़ी 'बिना नंबर' की जीप, मासूम की चीख से दहला विकासनगर

Vikasnagar Accident News: देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर खुशहालपुर के पास खेल रही सात वर्षीय बच्ची अचानक सड़क पार करने लगी, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक काली जीप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

टक्कर मारकर फरार हुआ चालक, रहस्य बनी जीप

हादसे के बाद जीप चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस जीप ने बच्ची को टक्कर मारी, उस पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में जीप तो दिखाई दे रही है, लेकिन उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।

मौत के बाद भड़का गुस्सा, हाईवे पर लगा जाम

मासूम की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर विरोध जताया, जिससे दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पुलिस की तलाश जारी, लेकिन सवाल अभी भी बाकी

पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जीप और चालक की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि वाहन देहरादून की ओर से आ रहा था और हादसे के बाद दूसरे रास्ते से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस जांच जारी है, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने वाले वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।