Breaking News

इंडियन शिप 'दिशा' ने होर्मुज पार किया, 18 जून को भारत पहुंचेगा: शिपिंग मंत्रालय     |   कर्नाटक CM ने बिदादी टाउनशिप प्रोजेक्ट का बचाव किया, बोले- विपक्ष कर रहा राजनीति     |   ‘वैश्विक संस्थाओं को 21वीं सदी के अनुसार बदलना है’, स्लोवाकिया में PM मोदी ने कहा     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया की कंपनियों को भारत आने का न्योता दिया     |   ‘हमने अपनी ताकतों को जोड़ा है’, स्लोवाकिया में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी     |  

प्रयागराज में एक ही मकान से मिले 4 शव, पति, पत्नी, बेटी समेत चार की मौत, दीवार पर लिखा मैसेज!

उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के एक करोड़पति परिवार के चार लोगों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. सिटी जोन के कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका इलाके में घर के अंदर से चार लोगों के शव बरामद हुए, पुलिस के मुताबिक घर के मुखिया 70 साल के रविंद्र कुमार वैश्य, उनकी 65 साल की पत्नी अनीता और 45 साल की बेटी मीनाक्षी का शव जहां मंगलवार को बरामद हुआ था. वहीं देर शाम लापता 40 साल के बेटे अभिषेक का भी शव मिल गया. पुलिस ने घर की तलाशी ली है. घर की दीवारों और एक बोर्ड पर यह लिखा पाया गया है कि 'बंटी-बबली' और 'बहू ने मारा है'. दीवारों पर यह लिखे होने और परिवार के चारों सदस्यों के शव मिलने के बाद पुलिस अब हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है. मृतकों के शरीर पर चोट के निशान पाए जाने से अब हत्या मानकर ही पड़ताल हो रही है. 

अभिषेक का शव मृतक परिवार की 12-13 दुकानों में से एक दुकान के अंदर मिला है. वीरेंद्र कुमार वैश्य के ही एक परिजन ने शव की शिनाख्त उनके बेटे अभिषेक के रूप में की है. हालांकि अभिषेक का शव कई दिन पुराना लग रहा है और सड़कर फूल गया है. पुलिस ने बाकी तीनों के साथ उसके शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. 

पुलिस की शुरुआती जांच में इस बात की जानकारी मिली है कि मृतक वीरेंद्र कुमार वैश्य का दूसरा बेटा अश्विनी वैश्य कौशांबी जेल में बंद है. फ्रॉड के पुराने मामले में वह सजा काट रहा है. पुलिस के मुताबिक अश्विनी की एक महिला से शादी हुई थी जिसके बारे में भी पुलिस जानकारी जुटाने में लगी है. पुलिस की फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटा रही हैं और आस-पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं.

एडिशनल पुलिस कमिश्नर के मुताबिक शवों को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि किसी भारी चीज से मारकर सभी की हत्या की गई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है. एडिशनल पुलिस कमिश्नर के मुताबिक जेल में बंद अश्विनी और अभिषेक दोनों अपराधिक प्रवृत्ति के थे. दोनों की अपने पिता से भी अनबन रहती थी. पुलिस के मुताबिक घर और दुकान में जहां पर शव मिले हैं, वहां पर बाहर से ताले लगे हुए थे. ताले तोड़कर ही पुलिस ने दुकान और घर से शव बरामद किए हैं. एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ अजय पाल शर्मा ने जल्द ही पूरे मामले के खुलासे का दावा किया है.