Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

Ahmedabad plane crash: डीएनए मिलान से 220 मृतकों की शिनाख्त हुई, 202 लोगों के शव परिजनों को सौंपे गए

अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना के एक सप्ताह से अधिक समय बाद अब तक डीएनए मिलान के जरिए 220 मृतकों की पहचान कर ली गई है और 202 लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

गुजरात सरकार के एक मंत्री ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। इस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान गत 12 जून को अपराह्न 1.39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। लंदन जा रहे इस विमान में सवार 242 लोगों में केवल एक यात्री जीवित बचा। दुर्घटना स्थल पर 29 अन्य लोग भी मारे गए थे।

अधिकारी मृतकों की पहचान करने के लिए डीएनए जांच कर रहे हैं, क्योंकि विमान दुर्घटना में कई लोग इस कदर झुलस गए कि उनके शवों की शिनाख्त नहीं की जा सकती। गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता ऋषिकेश पटेल ने कहा, ‘‘अब तक 220 लोगों के डीएनए नमूनों का मिलान कर लिया गया है और उनके रिश्तेदारों से संपर्क किया गया है। 202 लोगों के शव उनके परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। और भी मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया चल रही है।’’ 

पटेल ने ‘एक्स’ पर कहा कि इन 202 लोगों में 160 भारतीय, सात पुर्तगाली नागरिक, 34 ब्रिटिश नागरिक और एक कनाडाई नागरिक के शव हैं। मंत्री ने बताया कि 15 मृतकों के शवों को हवाई मार्ग से उनके मूल स्थानों को भेज दिया गया है, वहीं 187 लोगों की पार्थिव देह को सड़क मार्ग से भेजा गया।