Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

अहमदाबाद विमान हादसा: DNA मिलान से 135 मृतकों की शिनाख्त हुई, 101 लोगों के शव परिजनों को सौंपे

अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान दुर्घटना के पांच दिन बाद, अब तक डीएनए मिलान के जरिये 135 मृतकों की पहचान कर ली गई है और 101 लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिये गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी दी। इस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई। अधिकारी मृतकों की पहचान करने के लिए डीएनए जांच कर रहे हैं, क्योंकि 12 जून को हुई विमान दुर्घटना में कई लोग इस कदर झुलस गए कि उनके शवों की शिनाख्त नहीं की जा सकती। 

अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ राकेश जोशी ने मीडिया से कहा, ‘‘मंगलवार सुबह तक 135 लोगों के डीएनए नमूनों का मिलान कर लिया गया है और 101 लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिये गए हैं। इन 101 मृतकों में पांच लोग विमान में सवार नहीं थे।’’ 

उन्होंने कहा कि ये 101 लोग गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान और दीव के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले थे। जोशी ने उम्मीद जताई की कि सभी मृतकों के डीएनए मिलान की प्रक्रिया मंगलवार शाम या बुधवार सुबह तक पूरी हो जाएगी। 

बीते गुरुवार को दोपहर 1.39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। लंदन जा रहे इस विमान में सवार 242 लोगों में केवल एक यात्री जीवित बचा। इसके अलावा, दुर्घटना स्थल पर 29 और लोग भी मारे गए, जिनमें से पांच एमबीबीएस छात्र थे।