उत्तराखंड में चारधाम यात्रा इस वर्ष सुचारू रूप से जारी है, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी संख्या देखने को मिल रही है। राज्य सरकार द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। देहरादून स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के अनुसार, 19 अप्रैल को यात्रा शुरू होने के बाद से 28 अप्रैल शाम 7 बजे तक मात्र 10 दिनों में 4,08,401 श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।
सरकार ने यात्रा मार्गों और प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन जैसी सुविधाओं को मजबूत किया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। आंकड़ों के अनुसार, बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के छह दिनों में 84,942 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
वहीं केदारनाथ धाम में सात दिनों में 2,07,452 श्रद्धालु पहुंचे। यमुनोत्री धाम में 10 दिनों में 57,794 और गंगोत्री धाम में 57,863 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। राज्य सरकार ने यात्रा से जुड़ी भ्रामक जानकारी फैलाने वालों और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं, ताकि यात्रा की पवित्रता बनी रहे। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जिससे सभी श्रद्धालुओं के लिए यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।