बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के 44वें जन्मदिन पर करीना कपूर खान ने उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। करीना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रियंका के साथ एक ब्लैक एंड व्हाइट थ्रोबैक फोटो शेयर की, जिसमें दोनों मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं। यह तस्वीर 'कॉफी विद करण' के एक खास एपिसोड की है, जिसमें दोनों साथ दिखाई दी थीं।
करीना ने फोटो के साथ लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो, शानदार पीसी। तुम्हारे लिए आसमान ही सीमा है। तुम्हारा दिन बेहद खास रहे।" इसके साथ उन्होंने हार्ट और रेनबो इमोजी भी शेयर किए। करीना और प्रियंका इससे पहले 'ऐतराज' और 'डॉन' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुकी हैं। ऐसे में करीना का यह पोस्ट दोनों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी के प्रशंसकों के लिए भी खास बन गया।
प्रियंका चोपड़ा के जन्मदिन के मौके पर उनकी आने वाली फिल्म 'वाराणसी' से भी उनका नया लुक जारी किया गया। निर्देशक एस.एस. राजामौली की इस फिल्म में प्रियंका 'मंदाकिनी' का किरदार निभा रही हैं। जारी पोस्टर में प्रियंका बेहद दमदार और अलग अंदाज में नजर आ रही हैं। उन्होंने गहरे रंग का कॉर्सेट-स्टाइल आउटफिट पहना है, जबकि उनका लुक एक योद्धा जैसी मजबूत छवि पेश करता है। मेकर्स के मुताबिक, 'वाराणसी' की शूटिंग अंतिम चरण में है। इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 7 अप्रैल 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।