Churu: राजस्थान के चूरू जिले में कुदरत का ऐसा रौद्र रूप देखने को मिला, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। पिछले कई दिनों से 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान की भीषण गर्मी झेल रहे इलाके में अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते सरदारशहर एक विशाल रेतीले तूफान की चपेट में आ गया।
धूल के ऊंचे-ऊंचे बवंडरों ने पूरे आसमान को ढक लिया, जिससे दोपहर 2 बजे ही रात जैसा अंधेरा छा गया। तेज आंधी और रेतीले तूफान के चलते विजिबिलिटी लगभग शून्य पर पहुंच गई। हालात इतने खराब हो गए कि कुछ मीटर दूर तक देख पाना भी मुश्किल हो गया। सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की रफ्तार थम गई और चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
लोगों ने कहा- ऐसा तूफान पहले कभी नहीं देखा
अचानक आए इस रेतीले बवंडर से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। लोग जान बचाने के लिए भागकर घरों में पहुंचे और दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्थानीय लोग कहते सुनाई दे रहे हैं कि उन्होंने अपने जीवन में इतना भयावह रेतीला तूफान पहले कभी नहीं देखा।
चारों तरफ रेत ही रेत, थम गई जिंदगी की रफ्तार
तूफान के दौरान पूरे इलाके में रेत का गुबार छा गया। सड़कें, बाजार और खुले मैदान धूल की मोटी परत से ढक गए। आसमान में उठते विशाल धूल के बादल किसी हॉलीवुड आपदा फिल्म के दृश्य जैसे नजर आ रहे थे। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने जहां भीषण गर्मी से कुछ राहत दी, वहीं लोगों के सामने कई परेशानियां भी खड़ी कर दीं।
चूरू में आए इस रेतीले तूफान की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर लोग कुदरत की इस अद्भुत और भयावह ताकत पर हैरानी जता रहे हैं।