आलिया भट्ट की बहुप्रतीक्षित स्पाई-एक्शन फिल्म 'अल्फा' का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। यशराज फिल्म्स (YRF) ने फिल्म की पहली झलक साझा करते हुए दर्शकों को आलिया के किरदार 'सीता' की कहानी से रूबरू कराया है। करीब 1 मिनट 55 सेकंड के इस टीजर में सीता की ओरिजिन स्टोरी दिखाई गई है। टीजर की शुरुआत उसके 18वें जन्मदिन से होती है, जहां वह अपने पिता के साथ समय बिताती नजर आती है। फिल्म में उसके पिता का किरदार बॉबी देओल निभा रहे हैं। लेकिन जन्मदिन का यह जश्न जल्द ही एक खतरनाक मिशन में बदल जाता है, जब उसके पिता उसे होटल के अंदर एक जोखिम भरा काम सौंपते हैं।
इसके बाद टीजर में 'अल्फा' नाम के एक बेहद गोपनीय प्रोग्राम की झलक दिखाई जाती है, जहां भारत के भविष्य के विशेष सैनिकों को तैयार किया जाता है। यहां युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से कठिन ट्रेनिंग दी जाती है ताकि वे खुफिया और खतरनाक मिशनों को अंजाम दे सकें। टीजर में आगे आलिया भट्ट का अब तक का सबसे अलग और दमदार एक्शन अवतार देखने को मिलता है। वह कई फाइट सीक्वेंस, हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट और हाई-रिस्क ऑपरेशन्स में दुश्मनों का सामना करती नजर आती हैं।
फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। इसमें आलिया भट्ट के साथ शरवरी भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। 'अल्फा' YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-प्रधान फिल्म है। इससे पहले इस यूनिवर्स में 'एक था टाइगर', 'टाइगर जिंदा है', 'वॉर', 'पठान', 'टाइगर 3' और 'वॉर 2' जैसी सफल फिल्में आ चुकी हैं। फिल्म की रिलीज डेट में कई बार बदलाव किया गया। अब यशराज फिल्म्स ने घोषणा की है कि 'अल्फा' 3 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।