अभिनेत्री नेहा धूपिया मंगलवार शाम मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान पैपराजी पर नाराज हो गईं। उन्होंने फोटोग्राफरों को फटकार लगाते हुए कहा कि कलाकारों के 'बैक शॉट' लेना बंद करें, क्योंकि यह बेहद असम्मानजनक है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में नेहा धूपिया पैपराजी से कहती नजर आ रही हैं, "ये बदतमीजी से बैक शॉट कौन लेता है तुम लोगों में से? कौन लेता है? बंद करो।"
उन्होंने आगे कहा, "मेरा नहीं करना है, किसी का भी नहीं करना है। बोल-बोलकर थक गए हैं। बैग उठाकर, किताब उठाकर, पीछे-पीछे चलकर फोटो लेना... अब ये सब नहीं चलेगा। हम आप लोगों से हमेशा इज्जत से बात करते हैं, इसलिए ऐसा मत किया करो।" नेहा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर लोग अपनी-अपनी राय दे रहे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब किसी बॉलीवुड कलाकार ने पैपराजी के व्यवहार पर नाराजगी जताई हो। इससे पहले सलमान खान भी मई में एक अस्पताल के बाहर फोटोग्राफरों के रवैये से नाराज नजर आए थे। बाद में मीडिया फोटोग्राफरों ने उनसे माफी भी मांगी थी। उस घटना के बाद सलमान खान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा था कि उन्होंने हमेशा मीडिया का सम्मान किया है, लेकिन किसी के दुख या निजी पल को कंटेंट बनाने की कोशिश करना सही नहीं है।